दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार दर्ज किए जाने के बाद ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-4 के तहत लगाए गए सख्त प्रतिबंधों को हटा लिया गया है। यह जानकारी वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने मंगलवार को दी।
हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि GRAP के स्टेज-1, स्टेज-2 और स्टेज-3 के तहत लागू सभी पाबंदियां अभी भी प्रभावी रहेंगी।
मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 378 दर्ज किया गया, जो कि ‘बहुत खराब (Very Poor)’ श्रेणी में आता है। इससे पहले सोमवार को AQI 410 और रविवार को 440 दर्ज किया गया था। शनिवार, 17 जनवरी को AQI के ‘सीवियर’ श्रेणी में पहुंचने के बाद GRAP-4 के तहत कड़े प्रतिबंध लागू किए गए थे।
CAQM की ओर से जारी बयान में कहा गया कि “अनुकूल मौसम परिस्थितियों और हवा की गति में बढ़ोतरी के कारण दिल्ली के AQI में सुधार देखा गया है और 20.01.2026 को यह 378 (‘Very Poor’) दर्ज किया गया। IMD और IITM के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी AQI इसी स्तर पर बने रहने की संभावना है।”
आयोग ने आगे कहा कि इन परिस्थितियों को देखते हुए 17 जनवरी 2026 को जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत GRAP-4 यानी ‘Severe+’ श्रेणी (AQI 450 से अधिक) के प्रतिबंध लागू किए गए थे।
हालांकि अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि GRAP-3 और उससे नीचे के सभी उपाय जारी रहेंगे, ताकि प्रदूषण की स्थिति फिर से गंभीर न हो।
मौसम विशेषज्ञों और पूर्वानुमान एजेंसियों के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली का औसत AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही रहने की संभावना है।
CAQM ने यह भी कहा कि “उप-समिति वायु गुणवत्ता की स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और IMD/IITM के पूर्वानुमानों के आधार पर समय-समय पर समीक्षा कर आगे के निर्णय लिए जाएंगे।”
